पतित पावनी सरयू और बाबा बागनाथ की नगरी की निर्मलता के लिए सभी का जागरूक होना जरूरी है। मोक्ष दायिनी के जल के स्वच्छ रहने से जहां देवता प्रसन्न होंगे। वहीं लोग इसमें बेहिचक गोता लगाकर पुण्य भी कमाएंगे। सरयू का पानी तभी साफ रहेगा जब नगर का कोना कोना साफ सुथरा दिखाई देगा। इसके लिए हर किसी का जागरूक होना जरूरी है। इसी के तहत रैली निकालकर स्वच्छता अभियान चलाया गया।
नगर और सरयू को साफ रखने के लिए अमर उजाला ने पिछले दिनों नगर के सातों वार्डों में जागरूकता अभियान चलाया। नागरिकों की राय जानी। इस अभियान के तहत अब यहां हर रोज लोग स्वच्छता बनाए रखने के लिए अपने अपने स्तर से प्रयास करने लगे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को नगर के विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज के एनएसएस के स्वयंसेवियों ने स्वच्छता रैली निकालकर सरयू और गोमती के संगम पर सफाई अभियान चलाया। स्वयंसेवियों ने संगम के तट साफ किए। नालियों में फंसी गंदगी निकाली।
एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी राजीव निगम के नेतृत्व में छात्रों ने स्वच्छता के लिए पॉलीथिन का बहिष्कार जरूरी समेत अनेक प्रेरणा दायी नारे लगाते हुए सरयू और गोमती के संगम पर पहुंचे। यहां उन्होंने स्नान घाट की सीढ़ियों, बागनाथ मंदिर जाने वाले रास्ते, संगम और श्मशान घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। छात्रों ने लोगों से कहा कि वह कूड़े को इधर उधर न फेंककर कूड़ेदानों में ही डालें। घर की गंदगी पवित्र सरयू और गोमती में नहीं डालें। उन्होंने सरयू की निर्मलता, अविरलता और नगर को साफ रखने के लिए सभी से सजग रहने और ऐसा ही दूसरों से करने की भी अपील की।