बागेश्वर। डीएम ने पशु क्रूरता निवारण समिति के साथ बैठक कर गो सदनों की समीक्षा की। उन्होंने पशु क्रूरता से संबंधित मामलों के प्रभावी समाधान करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
शनिवार को जिला सभागार में हुए बैठक में सीवीओ डॉ. योगेश चंद्र भारद्वाज ने डीएम को बताया कि जिले में तीन पंजीकृत गो सदन संचालित हैं। इनमें 254 निराश्रित पशुओं की देखरेख की जा रही है। मनकोट और जैसर में नए गो-सदनों के निर्माण के प्रस्ताव बनाए जा रहे हैं। दो अन्य स्थानों पर गो-सदन खोलने के प्रस्ताव मिले हैं। विभाग को ग्राम्य गो-सेवक-गोसदन योजना के तहत सात आवेदन मिले हैं। डीएम ने गो- संरक्षण के कार्य में तेजी लाने और प्रस्तावित नए गोसदनों के संचालन की कार्यवाही जल्द पूरा करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को ग्राम स्तर पर पशु संरक्षण संबंधी जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की जानकारी देने के लिए कहा। बैठक में सीडीओ आरसी तिवारी, एसडीएम जितेंद्र वर्मा, अनिल सिंह रावत, सीईओ जीएस सौन, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी सीमा भेतवाल, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज जोशी, खंड विकास अधिकारी आलोक भंडारी, ख्याली राम, जिला पंचायतराज अधिकारी सुंदर लाल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। संवाद