बागेश्वर। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में फेल होने के चलते जिले में 12वीं की दो छात्राओं ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए।
पुलिस के अनुसार बुधवार को कौसानी के कोलाग गांव निवासी सोनिया चिलवाल (18) पुत्री वीरेंद्र सिंह चिलवाल का 12वीं का रिजल्ट आया था। वह फेल हो गई थी। शाम करीब पांच बजे मां घास काटने जंगल गई तो सोनिया ने नींद आने के कारण सोने की बात कही थी। शाम सात बजे जब सोनिया की मां घर पहुंची तो बेटी को जगाने के लिए दरवाजा खटखटाया। नहीं खुलने पर दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर सोनिया बल्ली पर दुपट्टे से लटकी मिली। थानाध्यक्ष गोविंद बल्लभ भट्ट ने बताया कि ग्राम प्रहरी कैलाश चिलवाल से छात्रा के आत्महत्या करने की सूचना मिली। उधर, कपकोट के शामा भनार क्षेत्र स्थित पांखू गांव निवासी नीरा (19) पुत्री प्रवीण सिंह भी 12वीं की बोर्ड परीक्षा में फेल हो गई थी। प्रभारी थानाध्यक्ष लोकेश रावत ने बताया कि रात करीब आठ बजे उन्हें छात्रा के परिजनों से नीरा ने पेड़ से फांसी लगाकर जान देने की सूचना दी। जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस के अनुसार दोनों छात्राओं ने 12वीं की बोर्ड परीक्षा में फेल होने के कारण आत्महत्या की है।