बागेश्वर जिले के तीन रजिस्ट्रार कार्यालयों में केवल एक निबंधक तैनात
बागेश्वर। बागेश्वर तहसील का सब रजिस्ट्रार कार्यालय सप्ताह में दो ही दिन खुलता है। जमीनों की रजिस्ट्री के साथ ही विवाह पंजीकरण के लिए लोगों को नियत दिनों का इंतजार करना पड़ता है। तीन रजिस्ट्रार कार्यालयों में केवल एक ही वरिष्ठ निबंधक कार्यरत होने के कारण यह स्थिति पैदा हुई है।
जिले में बागेश्वर, गरुड़ और कपकोट तहसील में सब रजिस्ट्रार कार्यालय हैं। बागेश्वर तहसील परिसर में स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय सप्ताह में सोमवार और शुक्रवार को खुलता है। कपकोट में बुधवार, बृहस्पतिवार और गरुड़ में मंगलवार और शनिवार को रजिस्ट्री के कार्य होते हैं। बागेश्वर रजिस्ट्रार कार्यालय में तैनात वरिष्ठ निबंधक को तीन तहसीलों का कार्य देखना पड़ रहा है।
सब रजिस्ट्रार कार्यालय में दो ही दिन काम होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जमीन की रजिस्ट्री, बैनामे के साथ ही विवाह रजिस्ट्रेशन के लिए लोगों को उक्त तिथियों का इंतजार करना पड़ता है।
बागेश्वर पर चार तहसीलों की जिम्मेदारी
बागेश्वर। बागेश्वर तहसील स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय में बागेश्वर तहसील के साथ ही कांडा, काफलीगैर और दुगनाकुरी तहसील क्षेत्र की रजिस्ट्री होती है। कांडा, काफलीगैर और दुगनाकुरी तहसील में सब रजिस्ट्रार कार्यालय मंजूर नहीं है। बागेश्वर के सब रजिस्ट्रार कार्यालय पर चार तहसीलों की जिम्मेदारी होने से काम का बोझ अधिक रहता है। संवाद
काेट
तीन सब रजिस्ट्रार कार्यालयों में एक ही वरिष्ठ निबंधक तैनात होने के कारण रोस्टर के अनुसार के अनुसार तीनों तहसीलों के लिए दो-दो दिन नियत किए गए हैं। -दलीप सिंह तहसीलदार बागेश्वर