शिक्षा विभाग की ओर से आगामी तीन मार्च से होने वाली बोर्ड परीक्षाओं की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बागेश्वर के 29 परीक्षा केंद्रों में जहां परीक्षार्थी फर्नीचर में बैठकर परीक्षा देंगे वहीं 25 केंद्रों के परीक्षार्थियों को चटाई पर बैठकर परीक्षा देनी होगी।
जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परिषदीय परीक्षा में कुल 10,040 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। हाईस्कूल में कुल 5622 छात्र-छात्राएं हैं। इनमें संस्थागत 5368 और व्यक्तिगत के 254 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इंटर में 4418 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। इनमें 3991 संस्थागत और 427 व्यक्तिगत शामिल हैं। परीक्षाओं के लिए कुल 54 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सबसे अधिक छात्र संख्या वाला केंद्र विवेकानंद विद्या मंदिर मंडलसेरा है। इस केंद्र में 427 छात्र परीक्षा देंगे। राजकीय बालिका इंटर कालेज ऐठाण सबसे कम छात्र संख्या वाला केंद्र है। इस केंद्र में 68 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। सबसे दूरस्थ परीक्षा केंद्र राइंका बदियाकोट है। परीक्षाओं के लिए बनाए गए सभी केंद्रों में छात्रों के बैठने के लिए फर्नीचर की व्यवस्था नहीं है। 25 केंद्रों के परीक्षार्थियों को चटाई में बैठकर परीक्षा देनी होगी।
54 केंद्रों में से 29 केंद्रों में फर्नीचर की पूरी व्यवस्था है। परंतु 25 केंद्रों में फर्नीचर पूरा नहीं है। ऐसे केंद्रों में परीक्षार्थियों के लिए चटाइयों की व्यवस्था की गई है।
- रमेश चंद्र आर्य, सीईओ, बागेश्वर