कैशलेस योजना की जानकारी देते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में कैशलेस प्रणाली से लेनदेन करने के लिए 357 दुकानदारों को चिन्हित किया गया है। इन दुकानदारों को कैशलेस लेनदेन की जानकारी देने के लिए छात्रों का सहयोग लिया जाएगा। इसके लिए पहले छात्रों को ट्रेनिंग दी जाएगी। जो छात्र इस कार्य के लिए इच्छुक होंगे उन्हें तीन ट्रांजेक्शन पर 10 रुपए मिलेंगे।
जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने जिला पंचायतराज अधिकारी को स्कूली बच्चों को प्रशिक्षण देने के लिए शेड्यूल तैयार करने को कहा। मुख्य शिक्षाधिकारी से सामंजस्य स्थापित कर ग्रीष्मकालीन अवकाश से पहले बच्चों को प्रशिक्षण देने को कहा ताकि वे अपने मोबाइल से भीम ऐप के द्वारा व्यापारियों को प्रशिक्षण दे सकें। उन्होंने आरसेटी को प्रशिक्षण के लिए तहसीलवार 15 मई के बाद शेड्यूल तैयार करने को कहा। सीएससी संचालकों को भी इसमें सहयोग देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को आठ मई से प्राइवेट स्कूलों के बच्चों के कैशलेस प्रणाली का प्रशिक्षण देने के लिए शेड्यूल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को गैस वितरण केन्द्र पर उपभोक्ताओं को और पेट्रोल पंप के मालिकों को कैशलेस प्रणाली को अपनाने के लिए प्रेरित करने को कहा।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों ने कैशलेस प्रणाली को अपनाने के लिए अपने-अपने सुझाव दिए। बैठक में जिला विकास अधिकारी केएन तिवारी, जिला पंचायतराज अधिकारी पूनम पाठक, मुख्य कृषि अधिकारी वीपी मौर्या, आरसेटी निदेशक कश्मीर साहनी, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डा. उदय शंकर, सूचना विज्ञान अधिकारी पियूंशा गुप्ता, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर रोहित बहुगुणा आदि मौजूद थे।