पूर्व में तय की गई तिथि को सांस्कृतिक परिषद का वार्षिकोत्सव मनाने से मना करने पर बागेश्वर पीजी कालेज के छात्र नेताओं ने प्राचार्य का पुतला फूंक दिया। छात्र नेताओं ने 24 अप्रैल को वार्षिकोत्सव समारोह आयोजित न करने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
महाविद्यालय परिसर में पुतला दहन करते हुए छात्र नेताओं ने कहा कि पूर्व में छात्र संघ, प्राचार्य और प्रवक्ताओं की उपस्थिति में 24 अप्रैल को सांस्कृतिक परिषद के वार्षिकोत्सव की तिथि तय की गई थी। अब प्राचार्य द्वारा निर्धारित तिथि को वार्षिकोत्सव समारोह नहीं मनाने की बात कही जा रही है। इससे सभी छात्र संघ पदाधिकारी असंतुष्ट हैं।
सांस्कृतिक परिषद के अध्यक्ष धीरज उपाध्याय ने कहा कि यदि 24 अप्रैल को वार्षिकोत्सव नहीं मनाया गया तो इसके खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। पुतला फूंकने वालों में सांस्कृतिक परिषद के उपाध्यक्ष कौशल उपाध्याय, वैशाली जोशी, सचिव पंकज मनराल, छात्र संघ अध्यक्ष दीपक गस्याल, सचिव रोशन गढ़िया, सह सचिव राजेंद्र दानू, कोषाध्यक्ष संदीप जोशी, मनीष मनराल, मनोज, मनीष चंद, बाल मुकुंद, भावेश पाठक, दीप्ति धौनी, किरन रौतेला आदि छात्र नेता शामिल थे।