कुमाऊं आयुक्त डी सैंथिल पांडियन ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव कराना पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। आदर्श आचार संहिता या चुनाव से संबंधित अन्य मामलों में तत्काल निर्णय लेकर निस्तारण करें। निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलक्ट्रेट सभागार में जोनल, सेक्टर तथा नोडल अधिकारियों की बैठक में आयुक्त ने चुनाव संबंधी तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि निर्वाचन एक महत्वपूर्ण कार्य है। चुनाव के दौरान कोई अप्रिय घटना न घटे इसके लिए सतर्कता पूर्वक कार्य करें। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर रोक लगाने के लिए गठित टीमों को आपसी तालमेल से कार्य करने और क्षेत्र का भ्रमण कर प्रतिदिन की रिपोर्ट देने को कहा।
आबकारी विभाग को अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाने, निर्वाचन के दौरान बर्फवारी वाले पोलिंग बूथों पर लोनिवि को पोलिंग पार्टियों के आवागमन के लिए मैनपावर की व्यवस्था के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में जिस बूथ पर कम मतदान हुआ है वहां मताधिकार के लिए जागरूक करने को कहा। नोडल प्रशिक्षण एवं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. उदय शंकर ने बताया कि प्रथम प्रशिक्षण संपन्न हो चुका है। द्वितीय प्रशिक्षण तीन फरवरी से शुरू होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने बताया जनपद को दो जोन और 55 सेक्टर में बांटा गया है। चुनाव के लिए 385 पीठासीन अधिकारी, 385 प्रथम मतदान अधिकारी, 385 द्वितीय मतदान अधिकारी, 385 तृतीय मतदान अधिकारी सहित कुल 1540 कार्मिकों की नियुक्ति की गई है। बैठक में एसपी सुखवीर सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश चंद्र, डीडीओ केएन तिवारी, एसडीएम श्याम सिंह राणा, रवींद्र सिंह सहित नोडल और प्रभारी अधिकारी मौजूद थे।