राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि
- फोटो : अमर उजाला
बागेश्वर। डीएससी भोपाल में तैनात हवलदार कुंदन सिंह गड़िया का बीमारी से निधन हो गया। शनिवार को सरयू-गोमती संगम पर सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।कपकोट ब्लॉक के ग्राम लीली खन्यारी निवासी हवलदार कुंदन सिंह गड़िया सेना के डीएससी भोपाल में तैनात थे। सात जुलाई को बीमारी से उनका निधन हो गया।
उनके छोटे भाई खड़क सिंह गड़िया और सूबेदार केशर सिंह धामी शव को विमान से दिल्ली लाए। वहां से सेना की एंबुुलेंस में शव बागेश्वर लाया गया। जहां से उनके शव को मंडलसेरा स्थित आवास पर ले जाया गया।
इस दौरान माहौल गमगीन हो गया। इस बीच सरयू संगम पर सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। कौसानी सिग्नल कोर से आई जवानों की एक टुकड़ी ने अंतिम सलामी दी। उनके पुत्र हेमंत सिंह ने मुखाग्नि दी।
हवलदार कुंदन सिंह के परिवार में पत्नी देवकी देवी और दो बच्चे हैं। इस दौरान कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण, जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, राजेंद्र टंगड़िया, सुनील भंडारी, किशन कठायत, हरीश मेहरा, एसडीएम फिंचाराम चौहान, कोतवाल हरक सिंह फिरमाल आदि थे।