बागेश्वर। बागेश्वर की पेयजल आपूर्ति में कुछ हद तक सुधार आ गया है। चार दिन बाद नगर क्षेत्र में नलों में पानी आया। नुमाइशखेत समेत तमाम इलाकों में अब भी पानी की किल्लत बनी हुई है। नुमाइशखेत क्षेत्र की महिलाओं ने जल संस्थान के अधिकारियों को ज्ञापन देकर पेयजल किल्लत पर रोष प्रकट किया है।
पिछले दिनों हुई जबरदस्त बारिश से खरही पंपिंग योजना, कठायतबाड़ा पंपिंग योजना में सिल्ट भरने से पानी की आपूर्ति प्रभावित हो गई थी।। बागेश्वर नगरीय-अमसरकोट, जखेड़ा और जजी पेयजल योजना क्षतिग्रस्त हो गई थी। योजनाओं से पानी की आपूर्ति न होने से नगर में पीने के पानी के लिए हाहाकार मच गया था। लोग हैंडपंपों, जलधारों पर निर्भर हो गए थे। जल संस्थान को टैंकरों से पानी वितरित करना पड़ा।
शुक्रवार को कठायतबाड़ा पंपिंग योजना, बागेश्वर नगरीय-अमसरकोट पेयजल योजना से पानी चला दिया गया है। जजी पेयजल योजना से पहले ही पानी चला दिया गया था। जल संस्थान के सहायक अभियंता चंदन सिंह देवड़ी ने बताया कि जखेड़ा पेयजल योजना की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। इधर, नुमाइशखेत निवासी शमा साह, माया साह, जीवंती कांडपाल आदि ने जल संस्थान के कार्यालय में ज्ञापन देकर एक सप्ताह से पानी की आपूर्ति न होने पर रोष जताया है। कहा है कि पानी की आपूर्ति नहीं होती है तो महिलाएं आंदोलन छेड़ देंगी।
××
प्यासी रह गई 20 हजार की आबादी
अल्मोड़ा। बारिश के बाद कोसी नदी में गंदा पानी और सिल्ट बहकर आने से रात ग्यारह बजे से सुबह छह बजे तक पंपिंग ठप रही। इस कारण शहर के कई मोहल्लों में पेयजल की आपूर्ति नहीं हो सकी। इससे शहर की करीब 20 हजार की आबादी प्रभावित हो गई। कई लोगों ने मोहल्लों के निकट नौलों और धारों से पानी ले जाकर गुजारा किया।
बारिश के बाद बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे से सायं तीन बजे तक सात घंटे पेयजल पंप नहीं चले थे। बारिश से कोसी नदी में सिल्ट बहकर आने से रात में भी पानी काफी गंदा हो गया था। इस कारण रात ग्यारह बजे शुक्रवार सुबह छह बजे तक सात घंटे जल संस्थान को शहर को पेयजल पंपिंग बंद करनी पड़ी। इस कारण शुक्रवार को भी शहर में स्थित पेयजल टैंकों को कोसी नदी से जरूरत के मुताबिक पानी सप्लाई नहीं हो सका। पानी की आपूर्ति नहीं होने से कई मोहल्लों में लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ा। जिन लोगों ने घरों में पानी स्टोरेज नहीं किया था वह आसपास स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों नौलों और धारों से पानी लाकर अथवा बरसाती पानी भरकर काम चलाया। जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता केएस खाती ने बताया कि सुबह छह बजे पंपिंग शुरू होने के बाद सायं के समय शहर की मुख्य बाजार, नरसिंहबाड़ी, मालरोड समेत कसारदेवी, पांडेखोला आदि इलाकों में पानी की आपूर्ति की गई।