कपकोट-दूणी मार्ग पर मिट्टी बिछाकर सोलिंग का कार्य किया जा रहा है। सड़क के निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ने यह खामी पकड़ी। विभाग के ईई को मामले की जानकारी देने के बाद ठेकेदार को मिट्टी हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
4.8 किमी लंबे कपकोट-दूणी मार्ग पर दिसंबर 2015 से कार्य चल रहा है। वर्ल्ड बैंक के अधीन बन रही इस सड़क का काम वुडहिल कंपनी कर रही है। सड़क पर इस समय सोलिंग का काम चल रहा है। शनिवार को जब भाजपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक शेर सिंह गड़िया रोड के निरीक्षण को पहुंचे तो सड़क की सोलिंग में गिट्टी के बजाय मिट्टी बिछाई जा रही थी। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए विभाग के ईई को फोन से निर्माण कार्य में बरती जा रही अनियमितता से अवगत कराया। उन्होंने सड़क निर्माण में लापरवाही बरतने पर निर्माण एजेंसी को फटकार लगाते हुए गुणवत्ता में सुधार लाने को कहा। विभाग के जेई का कहना है कि ठेकेदार को सड़क पर रखी मिट्टी हटाने के निर्देश दे दिए हैं। निर्माण कार्य की ग्रेडिंग ठीक रखने को कहा गया है।