कपकोट के पिंडर क्षेत्र में पहाड़ियों पर हुआ हिमपात। विज्ञप्ति
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जिले में मौसम का मिजाज फिर बदल गया है। कपकोट के पिंडर घाटी और सरयू घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है। बिचला दानपुर के इलाकों में बर्फबारी के साथ हल्की ओलावृष्टि भी हुई है, जबकि निचले इलाकों में बारिश के बाद तापमान गिर गया है। अचानक मौसम में बदलाव के बाद लोगों को भारी ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
पिछले चार दिनों से मौसम में बदलाव के चलते लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलने लगी थी, लेकिन रविवार की दोपहर को अचानक मौसम ने फिर करवट बदल ली। सुबह के समय आसमान में हल्के बादल थे, लेकिन धूप निकली थी। दोपहर तक मौसम का मिजाज बदला और पूरा आसमान बादलों से ढक गया। दोपहर के बाद पूरे जिले में बारिश होने लगी। कपकोट के धूर, बदियाकोट, बोरबलड़ा, खाती, वाछम में तेज बारिश के साथ हिमपात हुआ। बिचला दानपुर के शामा, लीती, भनार, कीमू, गोगिना, हांप्टीकापड़ी, झोपड़ा, फरसाली, शिखर की पहाड़ियों में हल्की बारिश और कहीं-कहीं हल्की ओलावृष्टि होने की सूचना है। लीती गांव में हल्के ओले गिरने से किसान परेशान हो गए हैं। किसानों ने कहा कि अगर ओलावृष्टि आगे भी जारी रही तो फसल और सब्जियों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।
ऊंचाई वाले इलाकों में जहां बर्फबारी से ठंड में इजाफा हुआ, वहीं जिला मुख्यालय सहित कपकोट, कांडा, काफलीगैर, गरुड़, कौसानी आदि क्षेत्रों में बारिश और सर्द हवाओं ने फिर से ठंडक बढ़ा दी है। जिला मुख्यालय में तापमान गिरकर अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तीन डिग्री सेल्सियस हो गया है। हालांकि, बारिश और बर्फबारी के बावजूद फिलहाल जिले में सड़कों के बंद होने या किसी अन्य नुकसान की कोई जानकारी नहीं है।