खोली के भटूली क्षेत्र में दुपहिया वाहनों से लगातार तेल चोरी होने की घटना से लोग परेशान हैं। पेट्रोल चोरों का वाहन होने के शक में बारातियों ने भिटोली पोस्ट आफिस के समीप खड़ी एक स्वास्थ्य कर्मी की बाइक पत्थरों से तोड़ डाली। फिलहाल इस मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
खोली के भटूली क्षेत्र में खड़े दुपहिया वाहनों से आए दिन पेट्रोल चोरी हो रहा है। पेट्रोल चोर वाहनों के लॉक तोड़कर सूनसान स्थान पर छोड़ देते हैं। बृहस्पतिवार रात्रि अराजक तत्वों ने आनंद सिंह की बाइक चोरी कर अमसरकोट पहुंचा दी। इसके बाद वहां पर खड़े बारातियों के दुपहिया वाहनों से पेट्रोल चोरी करना शुरू कर दिया। इसी दौरान बारातियों के लौटने पर अराजक तत्व वहां से भाग खड़े हुए। जब बाराती वहां पर पहुंचे तो उन्हें बाइक से चोरी कर प्लास्टिक की बोतलों में निकाला गया लगभग दो लीटर पेट्रोल मिला। इससे बारातियों में आक्रोश फैल गया। स्वास्थ्य कर्मी की बाइक को चोरों की बाइक समझकर उन्होंने उसे पत्थर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।
शुक्रवार सुबह आनंद सिंह को जब पार्किंग वाले स्थान पर बाइक नहीं मिली तो पूछताछ करने पर बाइक के अमसरकोट मार्ग में होने की जानकारी मिली। मौके पर जाकर देखा तो बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त की गई थी। फिलहाल इस मामले में आनंद सिंह की ओर से किसी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इस तरह की घटनाओं में लिप्त तत्वों का पता लगाकर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।