कपकोट(बागेश्वर)। यूपीसीएल का स्मार्ट मीटर अब केवल बिजली की खपत मापने तक सीमित नहीं है। यह घरों में विद्युत सुरक्षा और ऊर्जा बचत में भी अहम भूमिका निभा रहा है। इससे घर के विद्युत तंत्र में अर्थ लीकेज होने पर उपभोक्ताओं को अलर्ट मिल रहा है।
यूपीसीएल ने स्मार्ट मीटर के जरिये अर्थ लीकेज की पहचान होने पर उपभोक्ता के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस अलर्ट भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अर्थ लीकेज की स्थिति में स्मार्ट मीटर पर भी इसका स्पष्ट संकेत प्रदर्शित होता है। इससे उपभोक्ता समय रहते विद्युत तंत्र की जांच और आवश्यक सुधार करा सकता है और संभावित विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव किया जा सकता है। अर्थ लीकेज जैसी समस्या की समय रहते जानकारी मिलने से उपभोक्ता तत्काल आवश्यक कदम उठा सकता है और किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सकता है।