बागेश्वर। जनपद के आधा दर्जन गांवों के लगभग 335 परिवार पहली बार बिजली की जगमगाहट में दीवाली मनाएंगे। अब तक विद्युत सुविधा से वंचित इन गांवों में विद्युतीकरण का काम पूरा कर लिया गया है। दीवाली से पहले इन गांवों को ग्रिड से जोड़ दिया जाएगा।
बागेश्वर जिले के कपकोट तहसील के कई गांवों में बिजली नहीं है, लेकिन विद्युत सुविधा से वंचित आधा दर्जन तोकों तक जल्दी ही बिजली पहुंच जाएगी। खाती, रातिरकेठी, सतगड़, बघर, तोली, घुघुतीघोल तोकों में विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो गया है।
इन गांवों तक बिजली पहुंचाने के लिए कर्मी में 11 केवी का ग्रिड बनकर तैयार हो गया है। एक सप्ताह के भीतर इन गांवों की लाइनों को ग्रिड से जोड़ दिया जाएगा। आजादी के बाद पहली बार इन गांवों में बिजली पहुंच रही है।
दीवाली पर्व में भी अब एक सप्ताह का समय शेष है। ऐसे में पहली बार बिजली की सुविधा से जुड़ रहे 335 परिवारों की दीपावली बिजली की जगमगाहट के बीच कुछ खास अंदाज में मनेगी।
कपकोट के यह तोक होंगे बिजली से जगमग - खाती- 150 परिवार, रातिरकेटी-72, सतगड़ - 18, बघर- 45, तोली-35, घुघुतीघोल-15