बागेश्वर। जिले में मानसूनी बारिश के कारण छह सड़कों पर यातायात बाधित होने से 10 हजार से अधिक की आबादी प्रभावित है। शनिवार की रात जिला मुख्यालय और कपकोट विकासखंड में बारिश शुरू हुई। रविवार की सुबह आठ बजे तक बारिश होती रही।
इस दौरान बागेश्वर विकासखंड में 25 और कपकोट में 12 मिमी बारिश दर्ज की गई। दोपहर तक चटक धूप खिलने के बाद शाम तक बादल छाए रहे। जिला आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बारिश के दौरान बंद हुई आठ सड़कों पर यातायात सुचारू नहीं हुआ है।
चाैंरा-भैरू, काफलीकमेड़ा, फरसाली-खर्ककानातोली, कपकोट-पिंडारी ग्लेशियर, बदियाकोट-कुंवाारी और चेटाबगड़ मोटर मार्ग को खोलने का काम चल रहा है। काफलीकमेड़ा सड़क 23 जून से बंद है। सरयू घाटी की लाइफलाइन कही जाने वाली पिंडारी सड़क पर विगत नौ जुलाई से यातायात बाधित है।
लंबे समय तक सड़कों के बंद रहने से ग्रामीणों को पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है। जरूरी सामान भी गांव तक पहुंचाने के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि बंद सड़कों को खोलने का काम तेजी से चल रहा है। जल्द यातायात सुचारू कराया जाएगा। संवाद