भूस्खलन से बागेश्वर के ठाकुरद्वारा में खतरे की जद में आया मकान।
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। बृहस्पतिवार को दिनभर हुई बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बारिश से सड़कों में भारी मात्रा में मलबा आया है। इस कारण जिले के छह ग्रामीण मोटर मार्ग बंद हैं। आंधी तूफान से पेड़ गिरने से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। भतरोला में भूस्खलन होने से एक मकान खतरे की जद में आ गया।
लोनिवि बागेश्वर के अंतर्गत दफौट-गुरना मोटर मार्ग, बांसपठान-रावतसेरा मोटर मार्ग, लोनिवि कपकोट के अंतर्गत कपकोट-पोलिंग मोटर मार्ग, पीएमजीएसवाई सिंचाई खंड बागेश्वर के अंतर्गत कंधार-रौलियाना-मजकोट (ग्रामीण मार्ग), पीएमजीएसवाई कपकोट के अंतर्गत कपकोट-कर्मी-तोली ग्रामीण मोटर मार्ग, पीएमजीएसवाई एडीबी के अंतर्गत रौल्याना-लोहारगड़ी मोटर मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। छह ग्रामीण मोटर मार्ग बंद होने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम छतीना पटवारी क्षेत्र कांडे तहसील बागेश्वर में महेश राम पुत्र गंगा राम का आवासीय भवन की छत में अतिवृष्टि और आंधी तूफान से पेड़ गिर गया। इस कारण मकान आंशिक रुप से क्षतिग्रस्त हो गया है। मलबे में खाद्यान्न, बर्तन आदि दब गए हैं। भतरोला ग्राम में मान सिंह देव के आवासीय मकान के आगे भूस्खलन होने से मकान खतरे की जद में आ गया है। तहसील काफलीगैर में पूरन लाल पुत्र टीका राम ग्राम बजां पटवारी क्षेत्र चौगांवछीना तहसील बागेश्वर का आवासीय मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। इस कारण खाद्यान्न और बर्तन दब गए हैं। तहसील प्रशासन ने प्रभावित परिवार को मदद दी। विकास भवन मार्ग कीचड़ से पट गया है। इस कारण कई दुपहिया वाहन चालक फिसलने से चोटिल हो गए हैं।