जिले में राशन वितरण की प्रक्रिया ऑनलाइन करने के तहत 225 सस्ता गल्ला विक्रेताओं को लैपटॉप दिए जा चुके हैं। प्रशिक्षण के बाद ऑनलाइन राशन वितरण प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
राशन वितरण प्रक्रिया को धांधली से बचाने तथा पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उद्देश्य से पूर्ति विभाग ने आनलाइन वितरण प्रक्रिया शुरू की है। सभी राशन लेने वाले ग्राहकों का पहले ही आनलाइन रिकार्ड दर्ज किया जा चुका है। इसको आधार से भी लिंक किया जा चुका है।
विभाग ने जिले के 437 में से 225 सस्ता गल्ला विक्रेताओं को लैपटॉप दिए हैं। शेष 212 विक्रेताओं को शीघ्र लैपटॉप मुहैया कराए जाएंगे। लैपटॉप संचालन और आनलाइन राशन वितरण प्रक्रिया के लिए सोमवार को कुछ गल्ला विक्रेताओं को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।
225 विक्रेताओं को लैपटॉप दिए गए है। इनमें से जिन स्थानों पर इंटरनेट की कनेक्टिविटी है उन विक्रेताओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। शेष विक्रेताओं को लैपटॉप देने के लिए शासन को डिमांड भेजी गई है। - अरुण वर्मा, डीएसओ बागेश्वर