बागेश्वर। ऐतिहासिक उत्तरायणी मेले की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। नगर पालिका की ओर से दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। पहले दिन पालिका ने विभिन्न क्षेत्रों के लिए 84 दुकानों का आवंटन किया। दुकान आवंटन शुरू होते ही मेला क्षेत्र में व्यापारियों की चहल-पहल बढ़ गई है।
रविवार को मेले की व्यवस्थाओं को परखने के लिए एसडीएम प्रियंका रानी और पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने मेलास्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। उन्होंने सरयू बगड़, बागनाथ मंदिर, नुमाइशखेत मैदान और मुख्य बाजार का जायजा लेकर संबंधित कर्मचारियों को समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और मेलार्थियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। मकर संक्रांति पर सूरजकुंड में बड़ी संख्या में होने वाले जनेऊ संस्कारों को देखते हुए इस बार विशेष इंतजाम किए गए हैं।
लोगों की सुविधा के लिए सरयू नदी में आवागमन के लिए अलग अस्थाई लकड़ी का पुल बनाया गया है। घाटों को समतल और सुरक्षित बनाने के लिए मशीन चलाने का निर्णय लिया गया है। जिससे श्रद्धालुओं को स्नान और पूजन में सुविधा मिल सके।
.....कोट
मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मेलास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है। शेष बचे कार्यों को जल्द पूरा कर लिया जाएगा। मेले में नगर को भव्य बनाना और आने वाले लोगों की सुरक्षा और सुविधाएं हमारी प्राथमिकता है। - सुरेश खेतवाल, पालिकाध्यक्ष नगर पालिका बागेश्वर