बागेश्वर। कपकोट विधानसभा के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में सड़क से जोड़ने के पीएमजीएसवाई ने तैयारी शुरू कर ली है। विभाग की ओर से क्षेत्र के उन दुर्गम तोकों और गांवों के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं, जो अब तक मुख्य सड़क मार्ग से नहीं जुड़ पाए थे। विशेष रूप से पिंडारी ग्लेशियर मार्ग से जुड़े कई महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने से ग्रामीणों में उत्साह है।
विभाग की ओर से जारी निविदा के अनुसार झूनी से खराडी तोक तक 1.8 किमी, बनलेख से दारसिंग तक 5.6 किमी, सूपी से मल्ला सूपी तक 5.3 किमी, बोरबलड़ा से भराकांडे तीन किमी, बदियाकोट मोटर मार्ग से ढौला 7.3 किमी और पटाक पांच किमी, कपकोट-तेजम रोड से रमाड़ी पांच किमी और कपकोट-कर्मी मार्ग से थांगधार तीन किमी, चीराबगढ़ से फुलवाड़ी आठ किमी और लालपुल से भैंसखाल पांच किमी सड़क मार्ग का निर्माण होगा। पीएमजीएसवाई के ईई अंबरीश रावत ने बताया कि इन सभी कार्यों के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। टंडर प्रकिया पूरी होने के बाद सड़क का निर्माण शुरू किया जाएगा।