जिले के बड़ेत गांव निवासी शशि भूषण उप्रेती सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। शशि भूषण शनिवार को देहरादून में भारतीय सैन्य अकादमी से पासआउट होकर भारतीय सेना का हिस्सा बने। शशि के सेना में अधिकारी बनने पर उनके गांव में खुशी का माहौल है। सेना में लेफ्टिनेंट बने बागेश्वर के बड़ेत गांव निवासी शशि भूषण उप्रेती के कंधे पर माता कांता उप्रेती, पिता तारा चंद्र उप्रेती और दादी अंबिका ने स्टार सजाए। शशिभूषण की प्रारंभिक शिक्षा सेंट्रल स्कूल ईटानगर से हुई थी।
इसके बाद उन्होंने हाईस्कूल व इंटर विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बागेश्वर से किया। इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद शशि सेना में भर्ती हो गए। सेना में अधिकारी बनने की चाह रखने वाले शशि भूषण ने ड्यूटी के साथ ही मेहनत जारी रखी। इस लगन के परिणामस्वरूप उनका चयन भारतीय सैन्य अकादमी में हुआ। गांव के लाल के सेना में अफसर बनने से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। शशिभूषण को चाचा मदन मोहन उप्रेती, मनीष उप्रेती, ज्योति उप्रेती, नवीन चंद्र, रोहित, हर्षवर्धन, अमर सिंह मेहता, विवेकानंद विद्यालय के प्रधानाचार्य तारा सिंह रावत सहित तमाम क्षेत्रवासियों ने बधाई दी है।