बागेश्वर के कुकरौली में क्षतिग्रस्त संपर्क मार्ग।
बागेश्वर। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जगह-जगह भूस्खलन होने से खातगांव-देवतोली, कपकोट-पिंडारी, खड़लेख-भनार और मिकिलाखलपट्टा समेत सात मोटर मार्गों पर आवाजाही पूरी तरह ठप है जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बंद मार्गों को खोलने का कार्य जारी है।
पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने क्षेत्र का निरीक्षण कर बताया कि पिछले चार-छह दिनों से देवलचौंरा ग्राम पंचायत के तोक कुकरौली का संपर्क तहसील और जिला मुख्यालय से पूरी तरह कट गया है। एकमात्र पैदल रास्ते पर भारी कीचड़ और गिरे पेड़ों के कारण बच्चों का स्कूल जाना व ग्रामीणों के लिए राशन, गैस लाना दूभर हो गया है। स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की सूचना देने के बावजूद ठोस राहत न मिलने से आक्रोश है।
मंडलसेरा क्षेत्र में जलभराव और कीचड़ से लोगों का चलना मुहाल हो गया है। लोनिवि कार्यालय से महज दो किमी दूर मंडलसेरा बाईपास और भुल्यूड़ा तिराहे से पीपलचौक तक सड़क पर कीचड़ होने के कारण लोग वाहन ले जाने से डर रहे हैं। स्थिति का जायजा लेते हुए पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया और नुकसान का मुआयना किया। प्रशासन की ओर से मार्ग खोलने और राहत कार्य तेज करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फल्यांटी की प्रधान सोनू देवी ने बताया कि भारी बारिश के कारण फल्यांटी का मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। शासन-प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को सूचना देने के बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है और न ही कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा है जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में जान का खतरा बना हुआ है।