बागेश्वर के बास्ती हादसे के पीड़ितों का हालचाल जानती डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
कपकोट ब्लाक के बास्ती गांव में फूड पॉयजनिंग मामले में एक मासूम समेत सात और ग्रामीणों की हालत बिगड़ गई। इन्हें जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। दूसरी ओर बेड़ीनाग से रेफर 21 पीड़ितों को भी जिला अस्पताल भर्ती किया गया। जबकि छह को पिथौरागढ़ जबकि 22 को अल्मोड़ा रेफर किया गया। इससे पहले हालत बिगड़ने पर तीन पीड़ितों को हेलीकॉप्टर से लिफ्ट कर हल्द्वानी भर्ती कराया गया।
रविवार को कपकोट के गडेरा निवासी ज्योति (25), बसंत (40) की हालत बिगड़ने के बाद कांडा लाया गया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दूसरी ओर बास्ती निवासी विद्या (15), कल्याण (81), केदार (32), राजेंद्र (38) को भी हालत बिगड़ने के बाद जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। कांडा सीएचसी से पिथौरागढ़ के कलाटी निवासी पांच वर्षीय सूरज को भी रेफर करने के बाद जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। बेड़ीनाग अस्पताल से हालत बिगड़ने के बाद तीन पीड़ितों को एयरलिफ्ट कर हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल भर्ती कराया गया। जबकि 22 को अल्मोड़ा बेस में भर्ती कराया गया।
फूड सैंपल जांच के लिए लैब भेजा
बागेश्वर। स्वास्थ्य विभाग ने फूड सैंपल जांच के लिए भेज दिया है। पेयजल नमूनों की भी जांच कराई जाएगी। पीड़ितों के स्टूल के साथ ही मृतकों के विसरा जांच की कार्यवाही भी शुरू हो गई है। डीएम ने बताया कि फूड सैंपल लैब भेज दिए गए हैं। विसरा परीक्षण की कार्यवाही की जा रही है। इसके बाद ही साफ होगा कि बड़ी तादाद में ग्रामीणों की हालत बिगड़ने का कारण क्या था। ब्यूरो
देर रात तेलंगाना से वापस लौटी डीएम
बागेश्वर। बास्ती हादसे के बाद डीएम रंजना राजगुरु तेलंगाना चुनाव ड्यूूटी से बागेश्वर वापस लौट आई हैं। वह शनिवार देर रात एक बजे बागेश्वर पहुंची और जिला अस्पताल का दौरा कर पीड़ितों का हालचाल जाना। इसके बाद डीएम ने कांडा सीएचसी और बेड़ीनाग सीएचसी का भी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों का पूरा ख्याल रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में दवाओं के साथ ही कंबल, रूम हीटर आदि संसाधनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इधर, डीएम ने वधू पक्ष के घर पहुंचकर पिता और अन्य संबंधियों से मुलाकात की और ढाढ़स बंधाया। ब्यूरो