काफलीगैर तहसील के चार न्याय पंचायतों के 49 ग्राम पंचायतों को मिलाकर कठपुड़ियाछीना को अलग ब्लाक बनाने की मांग को लेकर क्षेत्र के विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने तहसील प्रांगण में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। सभा में वक्ताओं ने कहा कि अलग ब्लॉक बने बगैर क्षेत्र का विकास कतई संभव नहीं है। उन्होंने विधायक चंदन राम दास के माध्यम से केंद्र सरकार और तहसीलदार दया चंद्र टम्टा के माध्यम से प्रदेश शासन को ज्ञापन भेजा।
शुक्रवार को कठपुड़ियाछीना ब्लॉक जन कल्याण समिति के बैनर तले समिति के अध्यक्ष नरेंद्र रावत के नेतृत्व में जोरदार नारेबाजी के साथ जुलूस निकाला। सभा में वक्ताओं ने कहा कि इस क्षेत्र के गांवों से बागेश्वर ब्लॉक की दूरी पांच से 45 किमी दूर है। वहां आने जाने में सभी को परेशानी होती है। अधिकारियों के गांवों के भ्रमण पर नहीं आने के कारण ग्रामीणों को विकास योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। गांवों के विकास पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। वक्ताओं ने कहा कि यदि ब्लॉक का शीघ्र गठन नहीं हुआ तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा। जुलूूस और प्रदर्शन करने वालों में जिला पंचायत सदस्य रवि रौतेला, बीडीसी सदस्य भूपाल रौतेला, ओम प्रकाश टम्टा, किशन मेहता, मदन मोहन पंत, एनके मिश्रा, गोपाल दत्त मिश्रा, संतोश कुमार, हरीश जनौटी, नाथ लाल टम्टा, दयाल कांडपाल आदि शामिल थे।