बागेश्वर। तहसील प्रशासन ने क्षेत्र में अवैध खनन और उपखनिज के अवैध भंडारण के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। एसडीएम ने भौरा पुल गागरीगोल के पास सड़क किनारे किए गए उपखनिज के अवैध भंडारण पर कार्रवाई करते हुए सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन का कारोबार करने वालों में खलबली मची है।
एसडीएम वैभव कांडपाल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन और उपखनिज के अवैध भंडारण की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर मौके का स्थल निरीक्षण किया गया, जहां सड़क किनारे उपखनिज सामग्री का अनधिकृत भंडारण पाया गया। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 7.1 घनमीटर उपखनिज को प्रशासन ने कब्जे में ले लिया है और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि तहसील प्रशासन की ओर से अवैध खनन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध खनन या अवैध भंडारण कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आगे भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवाद