बागेश्वर। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को धरातल तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। विभाग ने माणा और अनगड़ी में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर रावतसेरा की ओर से माणा में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों के गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की गई जिसमें रक्तचाप, मधुमेह, टीबी और मुख के कैंसर की जांच की गई। शिविर में गर्भवतियों की प्रसव पूर्व जांच की गई। बुजुर्गों की सुध लेते हुए स्वास्थ्य टीम ने उनके घर-घर जाकर स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की। इस मौके पर सीएचओ रेनू, एएनएम तनुजा, आशा कार्यकर्ता संजू और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आशा मौजूद रहीं। आयुष्मान आरोग्य मंदिर चौंरा की ओर से गृह-आधारित नवजात शिशु देखभाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रसव के बाद घर जाकर मां और नवजात शिशु की स्वास्थ्य जांच की गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने परिवार के सदस्यों को नवजात में होने वाले खतरों के संकेतों को पहचानने और समय पर डॉक्टर से संपर्क करने के प्रति सतर्क किया। इस मौके पर सीएचओ प्रियंका बुधलाकोटी, एएनएम पूजा भौयर्ज्ञल आदि मौजूद रहीं।