बागेश्वर में स्काउट गाइड शिविर
- फोटो : अमर उजाला
बागेश्वर। जवाहर नवोदय विद्यालय सीमार में स्काउट-गाइड का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू हो गया है। इस शिविर में विद्यालय के छठी से आठवीं कक्षा तक के स्काउट-गाइड प्रतिभाग कर रहे हैं। शिविर के संयोजक प्राचार्य एमपीएस नेगी ने शिविर का उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण से बच्चों में देश प्रेम और जीवन में अनुशासित रहने की भावना जागृत होगी। उन्होंने कहा कि दो अक्तूबर को स्वच्छता अभियान के तहत स्काउट-गाइड सीमार गांव में विशेष सफाई अभियान चलाएंगे।
शिविर में मुख्य प्रशिक्षक देवी दत्त जोशी, चंपा कोरंगा द्वारा स्काउट-गाइड प्रतिज्ञा, कर्तव्य, उद्देश्य, स्काउट-गाइड का इतिहास, गांठबंधन आदि से अवगत कराया जाएगा। उद्घाटन अवसर पर स्काउट प्रभारी एके शर्मा, गाइड प्रभारी राखीबाला सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थीं।