कपकोट में पुलिया टूटने से संकरी सड़क देखने पहुंचे लोग।
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर/कपकोट। बृहस्पतिवार रात कपकोट क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हुई। इससे सरयू नदी और कई नाले उफना गए। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सचेत किया। उन्होंने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा।
लगातार हो रही बारिश के कारण सरयू का जलस्तर चेतावनी के स्तर तक पहुंच गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को कपकोट में 90 मिमी बारिश हुई। रात नौ बजे कपकोट में सरयू का स्तर 1031 मीटर पहुंच गया जबकि चेतावनी का स्तर 1033 मीटर है।
कपकोट से दूणी, सुकंडा जाने वाली सड़क का कलमठ दूसरे किमी पर धंस गया। इससे आधी पक्की सड़क बह गई। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद तहसीलदार नवाजिश खलिक, नायब तहसीलदार भूपाल सिंह मटियानी, राजस्व उपनिरीक्षक कुंदन सिंह मेहता आदि ने बृहस्पतिवार रात नदी किनारे जाकर लाउडस्पीकर से लोगों को सचेत किया।
ये मार्ग बंद
कपकोट-पोलिंग सड़क, कपकोट-दूणी-सुकड़ा रोड, पोथिंग-शोभाकुंड मार्ग, बागेश्वर-मजकोट मार्ग, कपकोट-कर्मी और कपकोट-बघर सड़क मलबा आने के कारण बंद हैं। खबर लिखे जाने तक विभागीय टीम सड़क से मलबा हटा रही थीं।
चार मकान क्षतिग्रस्त
बागेश्वर। कपकोट के ग्राम माजखेत निवासी देवकी पाठक पत्नी गणेश दत्त के आवासीय मकान की दीवार टूट गई। वहीं गरुड़ क्षेत्र के ग्राम डंगोली निवासी रमेश राम पुत्र धनीराम का आवासीय मकान टूट गया है। वहीं तहसील कांडा क्षेत्र के ग्राम देवलेत निवासी सरोजनी देवी पत्नी संजय राम और प्रभाकर पुत्र पूरन चंद्र का आवासीय मकान टूट गया। इन प्रभावित लोगों को मुआवजा दिलाने के लिए राजस्वकर्मी सर्वे कर रहे हैं।