फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बागेश्वर में बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त

विज्ञापन
विज्ञापन
बागेश्वर। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को सच साबित करते हुए जिले में शुक्रवार को जमकर बारिश हुई। नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। लोगों के रोजमर्रा के कामकाज पर असर पड़ा तो बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा। कई सड़कें भूस्खलन और मलबा आने से बंद हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली और पानी का संकट भी गहराने लगा है।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार रात से जिले में झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया था। पूर्वानुमान के अनुरूप ही जिला मुख्यालय से लेकर सभी तहसीलों में जोरदार बारिश हुई। शुक्रवार को भी सुबह से बारिश का दौर जारी रहा। मूसलाधार बारिश से लोगों के रोजमर्रा के कामकाज पर असर पड़ा है। बाजारों में सुनसानी छाई रही तो ग्रामीण इलाकों में भी लोगों के दैनिक काम प्रभावित हुए। बारिश से कई स्थानों पर जलभराव की समस्या पैदा हुई तो ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों के बंद होने से लोगों की आवाजाही पर असर पड़ा है। हालांकि बारिश से किसानों को काफी राहत मिली है। गरुड़, कपकोट, कांडा, दुग नाकुरी के असिंचित क्षेत्रों में धान की रोपाई की शुरू हो गई है।
मकान की छत पर गिरा पेड़, खतरे की जद में आया विद्यालय
बागेश्वर/गरुड़। शुक्रवार को भारी बारिश के दौरान मालता गांव के चरण सिंह की मकान की छत पर भारी पेड़ गिर गया। जिस मकान में पेड़ गिरा उसमें सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान और एक एक आवासीय कमरा है। संयोग से पेड़ ने मकान को अधिक नुकसान नहीं पहुंचाया और हादसा होने से बच गया। पेड़ मकान से होकर सड़क पर गिरा, जिससे यातायात बाधित हो गया। इधर, गरुड़ तहसील के राजकीय आदर्श जूनियर हाईस्कूल उड़खुली का प्रांगण भी भारी बारिश के कारण भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हो गया है। प्रधानाध्यापक शंकर लाल टम्टा और शिक्षक उमेश जोशी ने बताया कि आंगन में लगातार भूस्खलन हो रहा है। इससे स्कूल के भवन को भी खतरा बना हुआ है।
विज्ञापन

भूस्खलन और मलबा गिरने से 20 सड़कों पर यातायात ठप
बागेश्वर। जिले की सड़कों पर बारिश कहर बनकर टूटी है। जिले की 20 सड़कों पर भूस्खलन और मलबा गिरने के कारण यातायात ठप हो गया है। बंद सड़कों में कपकोट-कर्मी, धूर-बदियाकोट, शामा-लीती-गोगिना, शामा-नौकोड़ी, धमरघर-माजखेत, तोली, बघर, मथुरो पाटली-लखनी, धपोली-जेठाई, कौसानी-भतड़िया, बालीघाट-धरमघर, सिमगढ़ी, सिरलोनी-लोहागढ़ी, जखेड़ा-लमचूला, ह्वीलकुलवान, पंद्रहपाली-पुरकोट, पंद्रहपाली-हडबाड़, बीनातोली-कुंझाली, रावतसेरा-माणाकभड़ा प्रमुख हैं। इधर शुक्रवार की सुबह अल्मोड़ा-कौसानी-बागेश्वर मोटरमार्ग पर कौसानी के समीप चीड़ का पेड़ गिरने से करीब तीन घंटे तक यातायात ठप रहा। सुबह के समय सड़क बंद होने से जरूरी सेवाओं और सामानों की सप्लाई पर असर पड़ा। कौसानी पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ काटकर यातायात सुचारु करवाया।
कहां कितनी बारिश
गरुड़ - 68 मिमी
कपकोट - 35 मिमी
बागेश्वर - 27.5 मिमी
नदियों का जलस्तर
सरयू - 865.70 मीटर
गोमती - 862.75 मीटर
कालापैरकापड़ी के 32 परिवारों के सामने पेयजल संकट
बागेश्वर। ग्रामीण क्षेत्रों में मौसम की मार से बिजली और पेयजल आपूर्ति चरमरा गई है। कपकोट के दूरस्थ गांव कालापैरकापड़ी में निर्माणाधीन मोटर मार्ग से पेयजल योजना क्षतिग्रस्त होने के कारण गांव के 32 परिवारों के सामने पेयजल संकट पैदा हो गया है। ग्राम प्रधान गंगा सिंह कार्की ने बताया कि ग्रामीणों ने पाइप लाइन को जोड़ने का प्रयास किया, लेकिन मौसम खराब में सड़क का मलबा गिरने से लाइन फिर टूट गई है।
लाइन क्षतिग्रस्त होने से 20 गांवों की आपूर्ति बाधित
बागेश्वर। बारिश के चलते बिजली लाइनों को भी भारी नुकसान हुआ है। ऊर्जा निगम से मिली जानकारी के अनुसार कौसानी में भूस्खलन के कारण लाइन टूट गई, जिससे पिंगलोट गांव सहित कौसानी के तीन होटलों की बिजली गुल हो गई है। वहीं, शामा उप संस्थान की 11 केवी की मुख्य लाइन पर पेड़ गिरने से तार लीती, गोगिना, रिठकुला, कीमू, मल्खाडुर्गंचा, हरसिंग्याबगड़, रातिरकेटी, सतगढ़, हांप्टीकापड़ी, भनार सहित 20 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। ईई भाष्कर पांडेय ने बताया कि लाइनों की मरम्मत का काम चल रहा है। मौसम खराब होने के कारण लाइन जोड़ने में दिक्कत आ रही है।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। जिले की बंद सड़कों को खोलने का काम तेजी से चल रहा है। कुछ सड़कों पर यातायात सुचारु करा दिया गया है। संबंधित विभागों की जेसीबी अन्य सड़कों को खोलने में जुटी है। क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों की मरम्मत का काम भी संबंधित विभाग के कर्मचारी कर रहे हैं। - शिखा सुयाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, बागेश्वर।

अल्मोड़ा-बागेश्वर मोटर मार्ग में कौसानी के पास गिरे पेड़ को हटाते हुए पुलिस कर्मी। संवाद न्यूज ए?- फोटो : BAGESHWAR

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें