बागेश्वर। राष्ट्रीय राजमार्ग में स्थित बागेश्वर जिले का प्रमुख सरयू पुल बुधवार की सुबह बंद कर दिया गया। पुल में अगले 10 दिनों तक मरम्मत का काम चलेगा। एनएच के अधिकारियों को 23 अप्रैल तक पुल में सुधार का कार्य पूरा कर लिए जाने की उम्मीद है।
राष्ट्रीय राजमार्ग 309 ए में स्थित सरयू पुल के फर्श का कंक्रीट पूरी तरह से खराब होने के कारण इसमें बड़े-बड़े गड्ढे बन गए थे। विभाग ने 1962 में बने पुल के इन गड्ढों को पाटने के लिए कभी मिट्टी बिछाई तो इस समय लोहे की प्लेटों के टल्ले लगाकर काम चल रहा था। पुल के सुधार के लिए धनराशि स्वीकृत होने के बाद अब कंक्रीट के स्थान पर लोहे का फर्श बिछाया जाना है। बुधवार की सुबह एनएच कर्मियों के काम करने के साथ ही पुल को बंद कर दिया गया।
पुल के बंद होने से बागेश्वर-पिथौरागढ़ रूट के वाहनों को आरे बाइपास से पांच किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी। छोटे वाहन चंडिका मंदिर रूट से होते हुए शहर में पहुंचे। पुल के दुरुस्त होने तक इसी तरह वाहन चलेंगे। वाहनों के संचालन में किसी तरह की दिक्कत न हो इसके लिए आरे और मंडलसेरा में यातायात पुलिस के जवान तैनात किए गए थे। विभागीय अधिकारियों के अनुसार 23 अप्रैल तक पुल के सुधार का काम पूरा कर लिया जाएगा।