पुलिस अधीक्षक सुखवीर सिंह ने कूड़ा निस्तारण को थानाध्यक्षों और टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। कहा हमें स्वयं से इस अभियान की शुरुआत करनी है। खुद उन्होंने अपने निवास पर जैविक कूड़े के निस्तारण के लिए गड्ढा खुदवाया है और अजैविक कूड़े को अलग कर उसे नगरपालिका को परिशोधन के लिए दिया जाएगा।
पुलिस कार्यालय में एसपी ने थानाध्यक्षों को थाना स्तर पर भी इस तरह के प्रयास करने के निर्देश दिए। क्षेत्र में प्रचार के जरिए जनता को कूड़ा निस्तारण के बारे में जागरूक करने को कहा। थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों की नदी और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा फेंकने वालों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। यदि कोई व्यक्ति नदी, नालों एवं सार्वजनिक स्थलों में कूड़ा फेंकते हुए पाया जाता है तो उस पर कड़ी कार्रवाई करें। एसपी ने टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों को वाहन चालकों की बैठक आहूत करने को कहा।
चालकों को यह सलाह दें कि वह अपने वाहन में एक खाली डिब्बा रखें ताकि कोई भी सवारी नमकीन, टाफी आदि का रैपर सड़क पर न फेंके, उसे डब्बे में डालें और वाहन चालक उसे कूड़ेदान में फेंकेंगे। थानाध्यक्षों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि यदि कोई चलते वाहन से बिस्कुट आदि का रैपर फेंकते हुए पाया जाता है तो उस वाहन का नंबर नोट कर लें। एसपी ने कूड़ा निस्तारण के लिए प्लास्टिक परिशोधन मशीन क्रय करने पर भी चर्चा की। वहां सीओ आरएस नबयाल, ईओ नगरपालिका ईश्वर सिंह रावत सहित समस्त थानाध्यक्ष और टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी मौजूद थे।