बागेश्वर/गरुड़। अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष वाहिनी के सदस्यों ने जिला मुख्यालय और गरुड़ में कई स्थानों पर नुक्कड़ नाटक किए। मामले में सरकार और प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए। सरकार से हत्याकांड में शामिल वीवीआईपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
नगर के एसबीआई तिराहे पर किए गए नुक्कड़ नाटक में वाहिनी के सदस्य और सीपीआई एमएलइंद्रेश मैखुरी ने कहा कि सरकार जनता के मुद्दों को गंभीरता से नहीं ले रही है। कहा कि जब तक अंकिता प्रकरण में पीड़िता को न्याय नहीं मिलता तब तक उनकी संघर्ष यात्रा जारी रहेगी। उन्होंने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम जनता से भी आंदोलन से जुड़ने की अपील की। गरुड़ और डंगोली में भी वाहिनी के सदस्यों ने नुक्कड़ नाटक किए। इस दौरान त्रिलोचन भट्ट, कवि जोशी, प्रकाश वाच्छमी आदि मौजूद रहे।