कौसानी /गरुड़ /बागेश्वर। जिले में होली के दौरान खाद्य सामग्री बेचने में मानकों का पालन न करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती जारी है। विभाग ने जिला मुख्यालय, गरुड़ और कौसानी बाजार से 10 नमूने एकत्र किए।
मंगलवार को खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन के उपायुक्त डॉ. राजेंद्र सिंह कठायत के नेतृत्व में टीम ने कौसानी बाजार में अभियान चलाकर बाहरी जिलों से आ रही खाद्य सामग्रियों की जांच की। बाजार में चैकिंग के दौरान 10 किलोग्राम सोनपापड़ी और पांच लीटर ठंडे पेय पदार्थ को मौके पर नष्ट किया। संबंधित विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी किया। गरुड़ बाजार में अभियान चलाकर गुड़ के दो, मावा, मिर्च पाउडर और पैक्ड दूध का एक-एक नमूना संदेह के आधार पर लिया। तीन काराेबारियों को एफएसएसए 2006 की धारा 32 के तहत सुधार सूचना का नोटिस जारी किया।
जिला मुख्यालय के बाजार से बेसन, चीनी, दूध का एक-एक और मावे के दो नमूने लिए। एकत्र नमूनों को राजकीय खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रूद्रपुर भेजा जाएगा। वहां पर जिला अभिहित अधिकारी ललित मोहन पांडेय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार,भूपेंद्र सिंह देव आदि मौजूद रहे।