बागेश्वर में जिला अस्पताल से श्रीनौला धारे की ओर दुकानों में की गई तोड़फोड़।
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। असामाजिक तत्वों ने जिला अस्पताल के पास स्थित तीन दुकानों में तोड़फोड़ कर दी। एक दुकान में चोरी की भी आशंका है लेकिन चोरी गए सामान का पता नहीं चल सका।
शाम ढलते ही नगर में नशेड़ियों का आतंक शुरू हो जाता है। इनमें शामिल अज्ञात लोगों ने बृहस्पतिवार रात कांडा रोड पर स्थित जिला अस्पताल और श्रीनौला धारा के बीच तीन दुकानों में तोड़फोड़ की। इससे ग्राम फल्टन्या निवासी मुकेश पाठक, नीलेश्वर निवासी नंदन राम और पूरन सिंह का हजारों रुपये का नुकसान हुआ। शुक्रवार सुबह दुकानदारों को इसका पता चला तो कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना किया।
उन्होंने उत्पातियों की धक्कामुक्की से कमजोर दरवाजे टूटने की आशंका जताई लेकिन चोरी से इनकार किया है। वहीं इन दुकानदारों की पड़ोसी विमला देवी ने बताया कि नंदन राम का अधिक नुकसान हुआ है लेकिन उनके बाहर होने के कारण चोरी गए सामान का पता नहीं चल सका। उन्होंने अस्पताल के गेट पर सीसीटीवी लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि सीसीटीवी लगने से ही असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाए जा सकते हैं।