बागेश्वर के सीसाखानी गांव में बिजली गिरने से एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल ग्रामीण का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। डॉक्टरों ने घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उपचार के लिए हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह सीसाखानी निवासी 71 वर्षीय नैन सिंह बकरी चरा रहे थे। खराब मौसम के दौरान एकाएक बिजली गिरने से वह बेहोश होकर गिर पड़े। बिजली गिरने से उनका एक हाथ झुलस गया जबकि सिर में गंभीर चोट आ गई। ग्रामीण घायल नैन सिंह को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उनका उपचार चल रहा है। डॉ.एलएस बृजवाल ने बताया कि घायल ग्रामीण का हाथ झुलसने के साथ ही सिर में गंभीर चोट आई है। घायल के परिजनों को उन्हें उपचार के लिए हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी गई है।