खेल दिवस एवं हॉकी खिलाड़ी स्व. ध्यानचंद के जन्मदिवस पर खेल विभाग की ओर से रन फॉर उत्तराखंड का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, महिला-पुरुषों के अलावा सरकारी विभागों के अधिकारियों में कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। शुभारंभ डीएम रंजना एवं विधायक चंदन दास ने नुमाइश मैदान में हरी झंडी दिखाकर किया।
रन फॉर उत्तराखंड नुमाइशखेत मैदान से शुरू होकर दुगबाजार, सरयू पुल, गोमती पुल, तहसील रोड होते हुए विकास भवन से नुमाइशखेत मैदान में आकर संपन्न हुई। डीएम रंजना ने भी रन फॉर उत्तराखंड दौड़ में प्रतिभाग कर करीब तीन किमी का सफर तय किया।
इसके बाद उन्होंने नुमाइशखेत में ध्यान चंद के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रतिभागियों का आभार जताते हुए डीएम ने कहा कि हमें ध्यान चंद जैसी महान विभूतियों के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष शेर सिंह गढ़िया, पूर्व ब्लॉक प्रमुख इंद्र सिंह परिहार, दलीप खेतवाल, नरेंद्र खेतवाल, सुनील भंडारी, सीडीओ एसएसएस पांगती, एडीएम राहुल गोयल, सीएमओ डॉ. शैलजा भट्ट, वरिष्ठ कोषाधिकारी नीतू भंडारी, सीओ महेश चंद्र जोशी, डीडीओ केएन तिवारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी एनएस गस्याल, मुख्य कृषि अधिकारी बीपी मौर्या, जिला खेल अधिकारी विनोद सिंह वल्दिया, उप प्रभागीय वनाधिकारी बलवंत सिंह शाही, दीप चंद्र जोशी आदि थे। संचालन जयंत भाकुनी ने किया।
लकी ड्रॉ से घोषित हुए विजेता
बागेश्वर। रन फॉर उत्तराखंड में शामिल हुए प्रतिभागियों के परिणाम लकी ड्रॉ के माध्यम से निकाले गए। जिला कृषि अधिकारी बीपी मौर्या को पहला स्थान मिला। राइंका बागेश्वर के सौरभ प्रसाद दूसरे स्थान पर जबकि सूरज कुमार तीसरे स्थान पर रहे। लकी ड्रॉ कूपन से 20 विजेता प्रतिभागियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।