कपकोट (बागेश्वर)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पोथिंग की जर्जर छत की मरम्मत 4.16 लाख रुपये की लागत से होगी। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को जर्जर छत और सीलन की समस्या से निजात मिलेगी। ग्रामीण निर्माण विभाग की ओर से निर्माण कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू हो गई है।
अस्पताल भवन की छत की मरम्मत और आयरन प्रोफाइल शीट बिछाने के लिए बजट स्वीकृत हो गया है। विभाग की ओर से इस कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। लंबे समय से पोथिंग स्वास्थ्य केंद्र के भवन में छत से पानी टपकने की समस्या बनी हुई थी जिससे बरसात के दिनों में मरीजों के इलाज और दवाइयों के रखरखाव में दिक्कतें आती थीं।
स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल भवन के सुधारीकरण की मांग उठाई थी। टिन और आयरन प्रोफाइल शीट लगने के बाद अस्पताल भवन सुरक्षित होगा और स्वास्थ्य सुविधाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगी।
कोट
पीएचसी पोथिंग की छत की मरम्मत और आयरन प्रोफाइल शीट निर्माण कार्य के लिए 4.16 लाख रुपये की निविदाएं आमंत्रित कर दी गई हैं। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। - आर चंद्रा, ईई, ग्रामीण निर्माण विभाग, बागेश्वर