बागेश्वर। दीपावली के लिए महानगरों से प्रवासी घरों की ओर लौटने की तैयारी कर रहे हैं। इसके चलते रोडवेज ने भी महानगरों से अतिरिक्त बसों के संचालन की तैयारी शुरू कर दी है। डिपो प्रशासन दीपावली से पहले दो अतिरिक्त बस सेवाओं का संचालन करेगा। इसके लिए बसों के चालक और परिचालकों को प्रोत्साहन भत्ता दिया जाएगा।
आगामी दीपावली को देखते हुए रोडवेज की बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ने के बाद रोडवेज की आय में इजाफा हो रहा है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए डिपो प्रशासन ने जिला मुख्यालय से दिल्ली के लिए दो अतिरिक्त सेवाओं के संचालन की तैयारी शुरू कर दी है। लंबे समय से डिपो में खड़ी चार बसों की जांच कर उनकी मरम्मत की जा रही है।
रोडवेज मुख्यालय से भी डिपो को अतिरिक्त सेवाओं के संचालन के निर्देश मिले हैं। दीपावली के दौरान अतिरिक्त सेवाओं के संचालन में लगे कर्मियों को प्रोत्साहन भत्ता दिया जाएगा। वर्तमान में डिपो की तीन सेवाएं दिल्ली और एक सेवा का बरेली के लिए संचालन हो रहा है। अतिरिक्त सेवाओं के संचालन से महानगरों से आने वाले लोगों को राहत मिलेगी। लंबे समय से घाटे में चल रही रोडवेज की भी आय में वृद्धि होगी।
कोट
मुख्यालय से अतिरिक्त सेवाओं के संचालन की तैयारियों के निर्देश मिल चुके हैं। इसके लिए लंबे समय से खड़ी बसों की मरम्मत की जा रही है। यात्रियों की संख्या में वृद्धि होने पर जिला मुख्यालय से दिल्ली के लिए दो अतिरिक्त सेवाओं का संचालन किया जाएगा। - अनिल सिंह, कार्यशाला प्रभारी, रोडवेज डिपो, बागेश्वर