बागेश्वर/कपकोट। जिले में मौसम के बदलाव से जनजीवन प्रभावित होना लगा है। कपकोट क्षेत्र में हुई भारी बारिश से धरमघर-माजखेत सड़क बदहाल हो गई है। जगह-जगह डामर उखड़ने से सड़क रोखड़ बन गई। कई जगह पर फंसे वाहनों को यात्रियों ने पत्थर और मलबा हटाकर निकाला।
महरगाड़ घाटी के गांवों को जोड़ने के लिए बनी धरमघर-माजखेत सड़क से चुचेर, लाथी समेत 10 से अधिक गांवों के लोग आवाजाही करते हैं। सड़क में पूर्व से कुछ स्थानों पर डामर उखड़ा हुआ था। इन दिनों हो रही बारिश के सड़क अधिक बदहाल हो गई है। विगत दो-तीन दिन में हुई भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़क बदहाल होने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।
शुक्रवार को चुचेर के पूर्व ग्राम प्रधान मोहन सिंह, माजखेत के जगदीश पाठक, नवीन पाठक, उदय पाठक, योगेश पंत, मान सिंह भी यात्रा के दौरान सड़क में फंस गए। ग्रामीणों ने चालक के साथ मिलकर सड़क पर जमा मिट्टी और मलबा हटाया और वाहन गुजरने लायक बनाया। पीएमजीएसवाई के ईई अंबरीश रावत ने बताया कि बारिश से कुछ जगह सड़क का डामर उखड़़ गया है। शनिवार को सोलिंग कर सड़क को दुरुस्त किया जाएगा।
शुक्रवार को जिला मुख्यालय में सुबह मौसम साफ था। दोपहर तक मौसम बदला और झमाझम बारिश हुई। शाम के समय मौसम फिर से सामान्य हो गया। जिले के अन्य स्थानों पर भी मौसम लगातार बदल रहा है।