बागेश्वर। पुलिस लाइन सहित दर्जनों गांवों को जोड़ने वाली सड़क दुर्घटनाओं को दावत दे रही है। बावजूद इसके सड़क को ठीक नहीं किया जा रहा है।
इस सड़क में दुर्घटनाओं का खतरा हमेशा बना रहता है। इसके बाद भी गार्डर, पैरापिट का निर्माण नहीं किया जा रहा है। लोगों ने लोनिवि से शीघ्र सुरक्षात्मक कार्य करने की मांग की।
पुलिस लाइन सहित मालता, दफौट, स्यानलडोब, मटचूरी, किमोली सहित कई दर्जनों गांवों को जोड़ने वाली सड़क से हर रोज सैकड़ों वाहन आवाजाही करते हैं। इसी सड़क से बाईपास से आने वाले वाहन भी गुजरते हैं।
यह सड़क 10 से अधिक स्थानों पर बदहाल पड़ी हुई है। लोगों का कहना है कि मानसूनकाल में इस सड़क में बरसाती पानी जगह-जगह पहाड़ों से होकर बहने लगता है।
साथ ही कई बार तेज बहाव में पत्थर के आने का खतरा रहता है। उन्होंने बताया कि कलवर्ट और गधेरे वाले स्थानों में नालियों के बंद होने से सड़क पर पानी बहता रहता है। लोगों ने शीघ्र सड़क को ठीक करने की मांग की है।