बागेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संबंधित विभागों को 30 नवंबर तक सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने की हिदायत दी है लेकिन कपकोट और विजयपुर-रावतसेरा समेत जिले में कई सड़कों की दशा इतनी खराब है कि दी गई अवधि में सड़कों का गड्ढामुक्त होना मुश्किल दिखाई दे रहा है।
कांडा तहसील के विजयपुर-खंतोली-सानिउडियार-रावतसेरा सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। सड़क पर इतने गड्ढे हैं कि गड्ढों में सड़क खोजना मुश्किल हो रहा है। सड़क की दशा शुरुआत से ही खराब है। कई स्थानों पर 10-10 मीटर के हिस्से में डामर उखड़ा है। दो पहिया वाहनों के साथ ही चौपहिया वाहनों के लिए सड़क खतरनाक बनी हुई है। सड़क हादसों को आमंत्रण दे रही है, कहें तो गलत नहीं होगा। यह सड़क विजयपुर से पिथौरागढ़ जिले की सीमा पर बसे रावतसेरा इलाके को जोड़ती है।
सड़क की बदहाली से लोगों को सुगम यातायात का लाभ नहीं मिल पा रहा है। सड़क पर यातायात संचालन में ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की दुर्दशा से इलाके के लोगों में रोष है। सामाजिक कार्यकर्ता गिरधारी सिंह रावत, गणेश धामी, हेम चंद्र पंत, हरीश चंदोला का कहना है कि सड़कों को गड्ढामुक्त न करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए।
सड़कों को गड्ढामुक्त कराया जा रहा है। इसके लिए लगातार सड़क महकमों के अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है। सीएम के आदेश का पालन कराया जाएगा। - अनुराधा पाल, डीएम, बागेश्वर।
सड़क निर्माण के लिए ग्रामीणों का प्रदर्शन
बागेश्वर। मंडलसेरा से गोगिनापानी के कलियाबगड़ तक सड़क बनाने के लिए ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने एक महीने के भीतर सड़क का निर्माण कार्य शुरू न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। गोगिनापानी के ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट के सामने नारेबाजी कर डीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। बताया कि मंडलसेरा से गोगिनापानी तक तीन किमी सड़क वर्ष 2011-12 से प्रस्तावित है। इसके बावजूद सड़क नहीं बन सकी है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बीमारों, गर्भवतियों को अस्पताल लाने और बुजुर्गों को पेंशन और अन्य कार्य के लिए जिला मुख्यालय आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। ग्रामीणों ने यह सड़क जल्द बनवाने की मांग की। वहां बलवंत सिंह, ख्याली दत्त पांडेय, देवी दत्त पांडेय, त्रिलोक चंद्र, नरेंद्र सिंह, मनोज बिष्ट आदि मौजूद रहे।
बागेश्वर की विजयपुर-रावतसेरा सड़क पर बने गड्ढे। संवाद