बागेश्वर। काफलीगैर तहसील क्षेत्र के असों-मल्लाकोट गांव निवासी सैनिक जम्मू-कश्मीर में शहीद हो गया। उनका पार्थिव शरीर सेना के वाहन से शुक्रवार को गांव पहुंचेगा। बागेश्वर के सरयू-गोमती संगम पर सैन्य सम्मान के साथ अंत्येष्टि की जाएगी। जवान के शहीद होने की सूचना के बाद से गांव में शोक छा गया।
असों-मल्लाकोट निवासी हरीश सिंह असवाल (38) पुत्र प्रताप सिंह असवाल दो पैरा रेजिमेंट में कार्यरत थे। इन दिनों वह जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में तैनात थे। एक ऑपरेशन के दौरान 14 नवंबर को वह शहीद हो गए। ग्राम प्रधान नंदन सिंह असवाल ने बताया कि उनकी यूनिट के जवान शहीद के पार्थिव शरीर को लेकर जम्मू कश्मीर से गांव के लिए रवाना हो गए हैं।
जिला पंचायत सदस्य चंदन सिंह रावत और ग्रामीण गोपाल सिंह असवाल ने बताया कि घटना की सूचना 14 नवंबर की सुबह सात बजे परिजनों को मिल गई थी। शहीद के पिता प्रताप सिंह सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। माता मोहनी देवी और पत्नी भावना देवी गृहिणी हैं। उनके दो बच्चे आदित्य और गुंजन अल्मोड़ा में पढ़ाई कर रहे हैं। उनके एक भाई रमेश सिंह की गांव में दुकान है जबकि दूसरे भाई गोकुल सिंह नौकरी करते हैं।