फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बागेश्वर में भारी बारिश से कपकोट सड़क पर आया मलबा

विज्ञापन
विज्ञापन
बागेश्वर। पूरे जिले में रविवार रात जमकर बारिश हुई। मई में हो रही बेमौसमी बारिश ने लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर दी। बारिश के कारण बागेश्वर-कपकोट मोटर मार्ग पर झटक्वाली और बालीघाट पुल के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया।
विज्ञापन

इसके कारण करीब पांच घंटे तक यातायात बाधित रहा। पहाड़ी का मलबा आरे गांव में खेतों में घुसने से फसलों को नुकसान हुआ है।
रविवार दोपहर में बारिश होने के बाद मौसम खुल गया था, लेकिन शाम होने तक फिर से मेघ बरसने लगे। जिला मुख्यालय से लेकर कपकोट तहसील तक मूसलाधार बारिश हुई। इस कारण आरे के पास झटक्वाली में पहाड़ी से मलबा गिरने लगा। मलबा गिरने से सड़क पर यातायात बाधित हो गया।
सड़क बंद होने से एंबुलेंस और बरात में शामिल वाहन समेत कपकोट के पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण भी घंटों जाम में फंसे रहे। उन्होंने ही सड़क बंद होने की सूचना प्रशासन को दी। इसके बाद लोनिवि की मशीन मौके पर भेजी गई।
विज्ञापन

रात करीब 10 बजे मोटर मार्ग वाहनों के लिए खोला जा सका। वहीं सोमवार सुबह भी सड़क पर कीचड़ जमा होने से वाहनों की आवाजाही में दिक्कत हुई। इस दौरान कई बार सड़क पर जाम के हालात भी बने।
इधर, आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने कहा कि सड़क बंद होने की सूचना के बाद तत्काल मशीन भेजकर सड़क खुलवाने का कार्य किया गया।
बताया कि फिलहाल जिले में अन्य कोई मार्ग बंद होने की सूचना नहीं है। बारिश और मलबा आने से सरयू नदी के जलस्तर में भी मामूली बढ़ोतरी हुई। नदी का पानी भी मटमैला हो गया।
ओलावृष्टि से फलों को नुकसान
बागेश्वर। जिले में रविवार को बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। इस कारण फल और सब्जियों को काफी नुकसान हुआ है। कठायतबाड़ा, आरे, खुल्दौड़ी-बुल्दौड़ी आदि ग्रामीण क्षेत्रों में आम के छोटे फलों को नुकसान हुआ है।
अन्य मौसमी फल और सब्जियों पर भी ओलों की मार पड़ी है। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से ओलावृष्टि से हुए नुकसान का निरीक्षण कर मुआवजा देने की मांग की है।
बारिश का विवरण
बागेश्वर - 25 मिमी, कपकोट - 12.50 मिमी, गरुड़ - शून्य मिमी
बारिश के बाद भी पेयजल संकट दूर नहीं हुआ
अल्मोड़ा। बारिश के बाद भी पानी का संकट दूर नहीं हो रहा है। ग्रामीण इलाकों में पेयजल योजनाओं के पर्याप्त आपूर्ति न होने से लोगों को पेयजल किल्लत से जूझना पड़ रहा है।
वहीं शहर क्षेत्र के नलों में पानी खुलने का समय निश्चित न होने से लोगों को परेशानी हो रही है। जल संस्थान ने सोमवार को चितई पंत, लमगड़ा में एसबीआई के पास, सैनार, लमगड़ा बाजार, नैनोली, करबला, हवालबाग ट्रेनिंग सेंटर और बेस अस्पताल में डॉक्टर हॉस्टल में टैंकर से पानी की आपूर्ति की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें