मल्ला दानपुर क्षेत्र की समस्याओं को लेकर पूर्व में मिले आश्वासन पूरे न होने से क्षेत्र के लोगों में रोष है। गुस्साए ग्रामीणों ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर नारेबाजी करके प्रदर्शन किया। सभा के बाद उन्होंने डीएम भूपाल सिंह मनराल को ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने डीएम से आश्वासनों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।
सोमवार सुबह मल्ला दानपुर के कर्मी क्षेत्र के लोग नारेबाजी के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि मल्लादानपुर क्षेत्र की समस्याओं को लेकर 25 जून से आठ अगस्त 2012 तक कर्मी में आंदोलन चला। शासन, प्रशासन के प्रतिनिधियों से तब मिले आश्वासन पूरे नहीं हो सके हैं। उन्होंने डीएम से समस्याओं के समाधान में सहयोग की अपील की।
कलक्ट्रेट में हुई सभा में ग्रामीणों ने कहा कि आंदोलन के समापन पर शासन, प्रशासन के प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया था कि कर्मी में मोबाइल टावर, कपकोट-कर्मी सड़क का रिखाड़ी बाछम सड़क से मिलान करने, सड़कों के निर्माण में कटी भूमि का मुआवजा देने, कर्मी ग्राम पंचायत के तोक सापुली, गुठण तोली, पुलकुटी को बिजली लाइन से जोड़ने, पिछले वर्ष 30 मार्च 2015 को ओलावृष्टि से हुई क्षति का मुआवजा मिलेगा, लेकिन हुआ कुछ भी नहीं।
प्रदर्शन, ज्ञापन देने वालों में बीडीसी सदस्य नंदन सिंह, ग्राम प्रधान महिपाल राम, पूर्व सैनिक संगठन के दरबान सिंह, नारायण सिंह, प्रकाश सिंह, स्वरूप सिंह कर्म्याल, प्रेम सिंह कर्म्याल, तेज सिंह दानू, फतेह सिंह, गोकुल सिंह, मोहन सिंह कपकोटी आदि शामिल थे।