गरुड़ के पुरड़ा में पानी के बगैर सूख रही धान की नर्सरी। संवाद
गरुड़ (बागेश्वर)। क्षेत्र के पुरड़ा में नहरों में पानी सुचारु नहीं होने से ग्रामीणों की रोपाई के लिए तैयार नर्सरी सूखने के कगार पर है। ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग से नहरों में पानी की आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है।
पुरड़ा में धान की रोपाई सिंचाई विभाग की नहरों के भरोसे है। बैजनाथ झील से खेतों के लिए दो नहरे जाती हैं। दोनों की स्थिति खराब है। नहरों में पानी नहीं होने से रोपाई के लिए तैयार धान की नर्सरी सूखने के कगार पर है। बीते दो माह से नहरों की न तो सफाई हुई न ही लंबे समय से उनकी मरम्मत की गई है। अब किसान रोपाई के लिए मानसून का इंतजार कर रहे हैं। किसान महेश अधिकारी और पूर्व प्रधान रमेश नाथ गोस्वामी ने सिंचाई विभाग को पत्र लिखकर नहरों में पानी की आपूर्ति सुचारु करने की मांग की है। एई प्रकाश पुनेठा ने बताया कि नहरों की मरम्मत कर जल्द पानी की आपूर्ति सुचारू की जाएगी। संवाद