बागेश्वर के कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते थूमा के ग्रामीण। संवाद
बागेश्वर। सनगाड़ ग्राम पंचायत में थूमा तोक के ग्रामीण सड़क का निर्माण न होने से नाराज हैं। नाराज ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन देकर सड़क निर्माण की मांग की।
बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे थूमा के ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट में नारेबाजी की। डीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि गांव में 30 से 40 परिवार निवास करते हैं। गांव सनगाड़ से चार किमी की ऊंचाई पर बसा है। तोक के लिए 2019 में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से तीन किमी रोड स्वीकृत हुई थी। वर्तमान में सड़क का सर्वे होने के बाद पीलर बनाए जा चुके हैं, लेकिन अभी तक सड़क का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। सड़क नहीं होने से गांव की गर्भवतियों, मरीजों को आपातकालीन स्थिति में डोली से सड़क तक ले जाना पड़ता है। उन्होंने गांव के लिए शीघ्र सड़क का निर्माण करने की मांग की है। इस मौके पर नैन सिंह महर, दौलत सिंह महर, पदम सिंह महर, धन सिंह महर, दिवान सिंह महर, मान सिंह महर आदि मौजूद रहे। संवाद