मध्याह्न भोजन (एमडीएम) अनुश्रवण समिति की ब्लॉक स्तरीय बैठक शनिवार को हुई। जिसमें शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों ने स्कूलों में एमडीएम के चावल की नियमित सप्लाई न होने की शिकायत की। जिसे एसडीएम एसएस जंगपांगी ने गंभीरता से लिया। उन्होंने डीएसओ से सभी स्कूलों में सप्ताहभर में मांग के अनुसार चावल की सप्लाई करने के निर्देश दिए।
बीआरसी नौघर में हुई बैठक में समन्वयकों ने कहा कि विभाग हर माह एमडीएम का धन समय पर देता है। इसके लिए विभाग एसबीआई गरुड़ को माह की अंतिम तिथि को ब्लॉक क्षेत्र के सभी स्कूलों के खातों में जमा करने का चेक भेजता है। बैंक स्कूलों के खातों में समय पर धन नहीं डाल रहा है। जिससे शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) आकाश सारस्वत ने शिक्षकों से निर्धारित मीनू के तहत स्कूलों में एमडीएम बनाने को कहा। उन्होंने भोजनमाताओं से बच्चों को अपने पाल्यों की तरह भोजन परोसने को कहा। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) घनानंद कांडपाल ने कहा कि अधिकतर स्कूलों के शिक्षकों की शिकायत है कि एमडीएम का चावल समय पर स्कूलों में नहीं पहुंच रहा है।
जिस पर एसडीएम जंगपांगी ने कहा कि स्कूलों में समय पर चावल की सप्लाई न कर खाद्य पूर्ति विभाग अनियमितता बरत रहा है। पूर्ति विभाग की लापरवाही के चलते अधिकांश स्कूलों में भोजन बनाने में भोजन माताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एसडीएम ने बैठक स्थल से डीएसओ को सभी स्कूलों में चावल का पर्याप्त कोटा भेजने के निर्देश फोन से दिए। बैठक में बीडीओ गोविंद सिंह बोरा, जिपं सदस्य शिव सिंह बिष्ट, गोदावरी आर्या, बीआरसी समन्वयक उमेश जोशी, सीआरसी समन्वयक गोपाल प्रसाद, लक्ष्मण पुरी, नीता अल्मिया, दलीप भाकुनी, नीरज पंत, सुमित पांडे, आलोक पांडे, नंदन सिंह अल्मिया आदि ने विचार रखे।