अल्मोड़ा। जिले के सरकारी विभागों के पास बिजली बिल के भुगतान करने के लिए बजट नहीं है। कुल 46 सरकारी विभागों पर ऊर्जा निगम (यूपीसीएल) का चार करोड़ अठासी लाख रुपये से अधिक का बकाया है। समय पर बिल न चुकाने के कारण इन विभागों पर बकाया बिल बढ़ता जा रहा है। इसके बावजूद शादियों के सीजन को देखते हुए फिलहाल यूपीसीएल ने कनेक्शन काटने की कार्रवाई रोक दी है।
यूपीसीएल ने पिछले दिनों 49 सरकारी विभागों से करीब 30,92,000 रुपये का बकाया वसूला था। इसके बावजूद 46 विभागों पर अब भी चार करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है। ऐसे में यूपीसीएल के लिए वसूली चुनौती बनती जा रही है। यूपीसीएल की सूची में बड़े सरकारी बकायेदारों में नगरपालिका, वन विभाग, लोनिवि, बीएसएनएल, स्वास्थ्य विभाग और राजस्व पुलिस शामिल है। कई बार नोटिस भेजने के बाद भी यह विभाग बिजली के बिलों का भुगतान नहीं कर रहे हैं।
इन विभागों पर है अधिक बकाया
अल्मोड़ा। नगर पालिका पर सबसे अधिक तीन करोड़ बहत्तर लाख रुपये का बकाया है। इसके साथ ही राजस्व पुलिस पर 1,69,000, स्वास्थ्य विभाग पर 44,000, लोनिवि पर 41,000, वन विभाग पर 41,000, बीएसएनएल पर 35,000 और आयकर विभाग पर 22,000 रुपये की देनदारी है।
अगस्त से फिर होगी बकाया बिलों की वसूली
अल्मोड़ा। यूपीसीएल अगस्त से फिर से बिजली के बकाया बिलों की वसूली शुरू करेगा। यूपीसीएल के मुताबिक कई बार नोटिस देने के बाद भी बिलों का भुगतान न होने पर कुछ माह पहले नगर की 200 से अधिक स्ट्रीट लाइट की बिजली काट दी गई थी लेकिन पालिका के आश्वासन पर आपूर्ति बहाल करनी पड़ी।
कई सरकारी विभागों से बिजली के बकाया बिलों को पैसा वसूला किया गया। फिलहाल धार्मिक कार्यों और शादियों के कारण कार्रवाई को रोका गया है। दो माह बाद अगस्त से फिर से वसूली की जाएगी। - कन्हैया जी मिश्रा, अधिशासी अभियंता, यूपीसीएल खंड, अल्मोड़ा।