बागेश्वर। एडीएम एनएस नबियाल ने सड़क महकमे के अधिकारियों के साथ सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। उन्होंने बारिश के दौरान बंद हो रही सड़कों पर तेजी से यातायात बहाल करने के निर्देश दिए।
बुधवार को आयोजित बैठक में एडीएम नबियाल ने संवेदनशील सड़क मार्ग के चिह्नित स्थानों पर पर्याप्त मशीनरी तैनात करने को कहा। उन्होंने पर्वतन की कार्रवाई की भी समीक्षा की। परिवहन विभाग की ओर से बताया गया कि पुलिस, राजस्व और परिवहन विभाग के संयुक्त चेकिंग अभियान में 859 वाहनों के विभिन्न अभियोगों में चालान किए गए हैं। जिले में सड़क मार्ग निर्माण से जुड़े विभागों ने 1576 दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का चिह्नीकरण किया था, जिसमें 505 में सुधार किया गया है। बैठक में एसडीएम मोनिका, सीओ अंकित कंडारी, परिवहन कर अधिकारी हरीश रावल, सहायक अभियंता लोनिवि विजेंद्र मेहरा आदि मौजूद रहे।