बागेश्वर। जिला मुख्यालय से लगे अड़ौली गांव में एक महीने से पानी के लिए लोग जद्दोजहद कर रहे हैं। वे जल स्रोतों से पानी लाने के लिए मजबूर हैं। विभाग से कई बार शिकायत करने पर भी परेशानी जस की तस बनी हुई है। मंगलवार को ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता को ज्ञापन देकर जल्द से जल्द जल संकट दूर करने की मांग की। साथ ही आंदोलन की चेतावनी भी दी।
गांव में जखेड़ा पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति की जाती है। 30 साल पहले बनी योजना से करीब 45 परिवारों को पानी मिलता है। पिछले एक महीने से गांव में पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। पानी के संकट के कारण रोजमर्रा के कामकाज पर असर पड़ रहा है। ग्राम प्रधान दीपा कठायत के नेतृत्व में सरपंच संगठन के अध्यक्ष पूरन सिंह रावल, भपेश कठायत, गिरीश मिश्रा, मोहन लाल, कमला देवी आदि ने ज्ञापन सौंपा। उधर, अधिशासी अभियंता एमके टम्टा ने कहा कि जखेड़ा पेयजल योजना की लाइन एक स्थान से ध्वस्त हुई है। मरम्मत चल रही है। फिलहाल पंपिंग योजना से पानी की आपूर्ति की जा रही है। जल्द ही समस्या का स्थायी निदान हो जाएगा। (संवाद)